शहर में कोरोना के केस लगातार बढ़ने के चलते बीलवा स्थित राधास्वामी सत्संग भवन में कोविड सेंटर बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। प्रथम चरण में 500 बेड के साथ 25 अप्रैल से इस कोविड सेंटर को शुरू किया जाएगा। जेडीए, निगम, जिला प्रशासन, पुलिस और चिकित्सा विभाग की देखरेख में यह कोविड सेंटर स्थापित होगा।
इस इस सेंटर का एरिया 10 लाख स्क्वायर फिट का है। जिसमें करीब 5 से 8 हजार बेड लगाए जा सकते हैं। जिला प्रशासन और राधास्वामी सत्संग व्यास प्रबंधन कमेटी के बीच कोविड सेंटर बनाने को लेकर एमओयू हुआ है। प्रथम चरण में 500 बेड की व्यवस्था चिकित्सा विभाग और जिला प्रशासन करेगा। वही दूसरे फेस में 500 बेड के साथ गद्दे, चद्दर, साबुन, सैनिटाइजर की व्यवस्था जेडीए करेगा।
बता दें कि बीलवा स्थित राधास्वामी सत्संग भवन का एरिया 1012320 स्क्वायर फीट का है। इसमें 500 शौचालय और 1000 यूरिनल्स है। और एक साथ 50 हजार लोगों का खाना यहां बनाया जा सकता है। सीसीटीवी और पंखे की भी पर्याप्त व्यवस्था है। इस सेंटर को तैयार करने की शुरुआत हो चुकी है। चिकित्सा विभाग दवाईयां, ऑक्सीजन, उपकरण व अन्य साधनों की व्यवस्था करने में जुटा है। डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ व अन्य स्टाफ की भी नियुक्तियां शुरू हो चुकी है। मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था प्रबंध कमेटी द्वारा की जाएगी। इस सेंटर में साफ सफाई का जिम्मा ग्रेटर नगर निगम का रहेगा। साथ ही इस अस्थाई कोविड सेंटर में सुरक्षा प्रबंधन का जिम्मा पुलिस का ही होगा। इसके अलावा यहां कंट्रोल रूम और हेल्पडेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)