जयपुर में सांगानेर सदर इलाके में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। जिसमें एक व्यक्ति के पास बैंक का क्रेडिट कार्ड पहुंचा भी नहीं और उसके खाते से 7 बार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन हुए। इस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन में कुल ₹1.99 लाख रुपए खाताधारक के अकाउंट से निकाले गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद ठगी के शिकार हुए पीड़ित ने साउथ जिले के सांगानेर सदर थाने में केस दर्ज कराया। इसकी जांच सब इंस्पेक्टर संग्राम सिंह को सौंपी गई है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि ठगी की घटना सांगानेर सदर इलाके में गीता विहार, कल्लावाला के रहने वाले श्याम सुंदर शर्मा के साथ हुई। रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले RBL क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। लेकिन 10 फरवरी तक बैंक प्रबंधन से उनको क्रेडिट कार्ड प्राप्त नहीं हुआ। इसी बीच आशीष कुमार शर्मा नाम के व्यक्ति ने बैंक प्रतिनिधि बनकर श्यामसुंदर को मोबाइल नंबर पर कॉल कर KYC की थी।
पुलिस के अनुसार 9 फरवरी रात करीब 10:14 और फिर 10:22 पर श्याम सुंदर शर्मा के मोबाइल पर मैसेज आए। जिसमें उनके खाते से करीब 1लाख 99 हजार 235 रूपए का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन होने का पता चला। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि साइबर ठग ने 7 बार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर उनके बैंक खाते से रुपए निकाले।
पीड़ित श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि इनमें 25 – 25 हजार रूपए 6 ऑनलाइन ट्रांजैक्शन हुए। इसके अलावा एक 49235 रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ। इन ट्रांजैक्शन की सूचना मिलते ही श्याम सुंदर ने बैंक प्रबंधन को सूचना दी, फिर पुलिस थाने पहुंचकर केस दर्ज करवाया। पुलिस साइबर सेल की मदद लेकर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)