जिले के डीडवाना उपखंड क्षेत्र में दिनदारपुरा गांव में घरेलू गैस वितरण करने आई गाड़ी में रखे एलपीजी सिलेंडर में आग लगकर फटने से एक दुकानदार पूरी तरह झुलस गया। घायल सुरेश को गंभीर अवस्था में डीडवाना के राजकीय बांगड़ चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दिनदारपुरा गांव में घरेलू गैस वितरण करने आई गाड़ी में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर में लीकेज था और इससे गैस रिसाव हो रही थी। इसी दौरान वहां हुई कोई बिजली स्पार्किंग के चलते लीक गैस ने आग पकड़ ली। मौके पर खड़े एलपीजी एजेंसी के कर्मचारी और चालक कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाते, उससे पहले ही गैस सिलेंडर आग से धधकते हुए उछल कर पास ही एक दुकान में जाकर फट गया। इससे दुकानदार सुरेश पुत्र बजरंग सेन आग की चपेट में आ गया और बूरी तरह जल गया।
अचानक हुए इस भीषण हादसे के बाद आस पड़ोस के ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। व दमकल को भी सूचना दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी में 80 फ़ीसदी तक जल चुके दुकानदार सुरेश को गंभीर अवस्था में डीडवाना की राजकीय बांगड़ चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)